05 अगस्त को केकड़ी में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, बजरी माफियाओं के खिलाफ बजेगा बिगुल
05 अगस्त को केकड़ी में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, बजरी माफियाओं के खिलाफ बजेगा बिगुल
अजमेर। अजमेर देहात कांग्रेस ने बजरी माफियाओं और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में विधानसभा स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत 05 अगस्त को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सावर कस्बे से होगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी ने देहात कांग्रेस की बैठक में घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस बजरी के अवैध खनन, माफियाओं की गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को घेरने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन में 5,000 से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी रहेगी।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल केकड़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी दिनों में जिले की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किए जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बजरी माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम जनता प्रभावित हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी अब सड़क पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन करेगी।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।