अजमेर रेंज के नए आईजी डॉ. रवि ने संभाला कार्यभार, बोले— संगठित अपराध, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

अजमेर रेंज के नए आईजी डॉ. रवि ने संभाला कार्यभार, बोले— संगठित अपराध, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
Spread the love

अजमेर रेंज के नए आईजी डॉ. रवि ने संभाला कार्यभार, बोले— संगठित अपराध, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
अजमेर। अजमेर रेंज के नव नियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. रवि ने शनिवार को अजमेर पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजस्थान पुलिस वर्ष 2026 की प्राथमिकताओं के अनुरूप कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. रवि ने कहा कि संगठित अपराध और उसके सरगनाओं तक पहुंचकर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक बनाने हेतु फॉरेंसिक व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि शहरों और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को सुगम बनाया जाएगा, जिससे आमजन को आवागमन में सुविधा मिले। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए आईजी ने कहा कि साइबर सेल को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस ने लगभग 12 करोड़ रुपये के आधुनिक संसाधन खरीदे हैं तथा राज्य स्तर पर करीब 200 करोड़ रुपये के संसाधनों के विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कानून व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि राजस्थान लोकतांत्रिक व्यवस्था वाला राज्य है और किसी को भी कानून की लक्ष्मण रेखा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रवि ने कहा कि पुलिस जनता और मीडिया के साथ सकारात्मक एवं पारदर्शी संवाद बनाए रखेगी। बेहतर समन्वय और आपसी संवाद के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि दो लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके पुलिस वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा तथा पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर उसकी कार्यक्षमता बढ़ाई जाएगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *