वाल्मीकि समाज के आठ जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
वाल्मीकि समाज के आठ जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
अजमेर(अनिल लोहरे)
वाल्मीकि समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित 22वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आशागंज स्थित केशव उद्यान में सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में आठ जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
गायत्री परिवार के पंडित मानक जी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधुओं ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समिति के महासचिव लक्ष्मी नारायण टांक एवं अध्यक्ष आनंद जी महाराज ने बताया कि वर्ष 2025 में किन्हीं कारणों से वंचित रह गए जोड़ों के लिए इस वर्ष छोटे स्तर पर विशेष आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश और स्थान की कमी के चलते कार्यक्रम को सीमित रूप में रखा गया तथा समाज के गणमान्य, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों को आमंत्रित नहीं किया जा सका, जिसके लिए समिति ने खेद व्यक्त किया।
बारात संयोजक श्रवण टोनी के नेतृत्व में बारात भगवानगंज पुलिस चौकी के पास से रवाना होकर केशव उद्यान पहुंची। वहीं चवरी प्रभारी पन्नालाल ढ़नजा ने वैदिक विधि से फेरे संपन्न कराए। आयोजन के पश्चात शिव मंदिर आशागंज में मोहल्ला समिति द्वारा सभी अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
समिति द्वारा नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप चार-चार आइटम सोने एवं चांदी के साथ-साथ पलंग, रजाई, गद्दा, तकिया, टेबल-कुर्सी, घरेलू बर्तन और वस्त्र प्रदान किए गए, जिससे नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत में सहयोग मिल सके।
कार्यक्रम में पार्षद, पूर्व पार्षद, समाज के प्रतिनिधियों सहित समिति के पदाधिकारी संजय सोनवाल, सन्नू घारू, राजेश सौदे, ललिता प्रसाद बागड़ी, सुनील कलोसिया, घनश्याम जेदिया, रिंकू डगोरिया, दिनेश सारसर, विजय खेरालिया, नरेश सारवान तथा ब्यावर से चेतन गोयर सहित नगर निगम यूनियन के पदाधिकारी मुकेश डेनवाल, सनी गोयर, अंकित घारू एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों को बढ़ावा देने वाला यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।