1 अगस्त से 142 गांवों में जल प्रबंधन की कमान संभालेंगे ग्रामीण
1 अगस्त से 142 गांवों में जल प्रबंधन की कमान संभालेंगे ग्रामीण
‘जल अर्पण अभियान’ के तहत ग्राम समितियों को सौंपी जाएगी जल योजनाओं की जिम्मेदारी, 15 दिन रहेगा ट्रायल संचालन
अजमेर। जिले में ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और टिकाऊ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 1 अगस्त से 142 गांवों में ‘जल अर्पण अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव अब ग्राम स्तर पर गठित ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (VWSC) को सौंपा जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने बारिश के मौसम को देखते हुए जलदाय विभाग को जलापूर्ति लाइनों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन में लीकेज होने से गंदे पानी के मिश्रण का खतरा रहता है, जिससे जलजनित बीमारियां फैल सकती हैं। इसलिए पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जाए और शिकायत मिलते ही तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बताया गया कि जल अर्पण अभियान के तहत ग्राम समितियों को जल वितरण, पाइपलाइनों के रखरखाव और जल कर संग्रहण की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से दी जाएगी। विभागीय अधिकारी शुरुआती 15 दिनों तक ट्रायल आधार पर ग्रामीणों के साथ मिलकर योजनाओं का संचालन करेंगे, ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से ग्राम समितियों को हस्तांतरित हो सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड, अधीक्षण अभियंता राजीव सुगोत्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।