खुण्डियावास व हाशियावास में 13 सितंबर को भरेगा बाबा रामदेव का मेला
अजमेर । खुण्डियावास व हाशियावास स्थित बाबा रामदेव मंदिर में 13 सितंबर को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परबतसर तहसीलदार ई. सूरजकरण जांगिड़ ने की। इसमें अजमेर व डीडवाना-कुचामन जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों सहित बाबा रामदेव सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
खुण्डियावास व हाशियावास में स्थित बाबा रामदेव मंदिर दोनों जिलों की सीमा रेखा पर होने के कारण मेले के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियों पर चर्चा हुई। समिति अध्यक्ष सूरजकरण एवं पूर्व अध्यक्ष रामलाल बजाड़ ने मेले के दौरान करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग रखी।
समिति सदस्य मोहनराम सिमार ने बताया कि बाबा रामदेव की आरती के समय विद्युत आपूर्ति बंद रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। इस पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, परबतसर ने मेले के दौरान 24 घंटे विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में आड़ा गेला, तेडवा की ढाणी एवं खुण्डियावास के समीप पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। इन स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई। मेले में चिकित्सा व्यवस्था के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग से खुण्डियावास से कालेटड़ा तक क्षतिग्रस्त एवं गड्ढों में तब्दील सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की गई, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में विकास अधिकारी अजय सिंह नाथावत, परबतसर तहसीलदार सूरजकरण जांगिड़, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, नायब तहसीलदार, नरवर चौकी के एएसआई किशनाराम, एएसआई श्यामलाल सहित बाबा रामदेव सेवा समिति के उपाध्यक्ष हरिकिशन, कोषाध्यक्ष कैलाशचंद, उपमंत्री गजेंद्र सिंह उदावत, मंत्री गोरधनराम सिमार, सदस्य मोहनराम चौधरी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।