शाहपुरा पालिका चुनाव।सिंबल मिलते ही 35 वार्डों में गरमाया चुनावी माहौल।

शाहपुरा पालिका चुनाव।सिंबल मिलते ही 35 वार्डों में गरमाया चुनावी माहौल।
Spread the love

कार्यालयों के उद्घाटन के साथ घर-घर जनसंपर्क तेज।

चौराहे, वार्ड बैनर, पोस्टरों व पताको से सजने लगे।

निर्वाचन विभाग भी मतदान तैयारियों शुरू।

रिटर्निंग अधिकारी ने किया ईवीएम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण।

शाहपुरा 5 सितंबर 2026। नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर प्रत्याशियों को राजनीतिक दलों के आधिकारिक टिकट मिलने तथा निर्दलीय उम्मीदवारों को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा चुनाव चिन्ह (सिंबल) आवंटित किए जाने के साथ ही चुनावी संग्राम पूरी तरह से परवान चढ़ गया है। 35 वार्डों के भीतर प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यालयों का भव्य उद्घाटन कर दिया है और घर-घर जाकर वोट मांगने का अभियान तेज कर दिया है। नगर के मुख्य चौराहे वार्ड प्रत्याशियों के बैनर, पोस्टर, पताको से सजने सवरने लगे है। तस्वीर साफ होते ही प्रत्याशी समर्थकों ने मतदाता सूचियों को खंगालना शुरू कर दिया है। अपने समर्थित वोटरों के गणित बिठाने और समीकरणों का जोड़-तोड़ करने का सिलसिला पूरी गति से जारी है। प्रत्याशी और उनके कार्यकर्ता मतदाताओं के सामने हाथ जोड़कर अनुनय-विनय करते हुए समर्थन जुटा रहे हैं। वहीं, जो स्थानीय मतदाता नौकरी या व्यवसाय के सिलसिले में बाहर रह रहे हैं, उन्हें मतदान के दिन शहर लाकर वोट दिलवाने की खास व्यवस्थाएं भी शुरू हो गई हैं।प्रचार के दौरान प्रत्याशी वार्ड के सर्वांगीण विकास पर जोर दे रहे हैं और अगले 5 वर्षों तक हर सुख-दुख में मदद का भरोसा दिला रहे हैं। सिंबल आवंटन के बाद देर रात तक वार्डों में काफी चहल-पहल बढ़ गई है। चुनाव दफ्तरों में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ देर रात तक गहन विचार-विमर्श और मंथन का दौर चल रहा है। बैठकों में चाय और नाश्ते के दौर के बीच जीत का ताना-बाना बुना जा रहा है। प्रत्याशी वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं और वार्ड के बुजुर्गों से मार्गदर्शन लेकर अंतिम चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

रिटर्निंग अधिकारी ने स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण: आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां के तहत उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सुरक्षित रखने हेतु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है।रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।इस दौरान उन्होंने ईवीएम प्रभारी व सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार रणवीर सिंह को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय एवं 24 घंटे निरंतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उपअधीक्षक नाना लाल साल्वी को पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चुनाव निष्पक्ष व सुरक्षित संपन्न कराए जा सकें।

Dev Krishna Raj Parashar - Shahpura

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *