भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कल रोड शो करेंगे मुख्यमंत्री शर्मा
स्थानीय स्तर का संकल्प पत्र जारी कराने की तैयारी, पदाधिकारियों व प्रमुख कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
अजमेर। नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 6 सितंबर को अजमेर में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक भी लेंगे। मुख्यमंत्री के अजमेर दौरे की पुष्टि के बाद भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करना तय हो गया है। रोड शो का मार्ग पार्टी की ओर से जल्द निर्धारित किया जाएगा। चुनावी तैयारियों को लेकर आयोजित पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में रोड शो सहित विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
स्थानीय संकल्प पत्र जारी कराने की तैयारी
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हाथों नगर निगम चुनाव के लिए स्थानीय स्तर का संकल्प पत्र जारी कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों एवं विकास से जुड़े बिंदुओं को शामिल करते हुए संकल्प पत्र तैयार करने में जुटे हैं।
स्वागत से लेकर भीड़ जुटाने तक जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के रोड शो को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री के स्वागत, रोड शो की व्यवस्थाओं और मतदाताओं की भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी प्रमुख रूप से शामिल है। पार्टी की ओर से प्रत्येक वार्ड में प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में सहयोग के लिए पदाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री जिले के भाजपा पदाधिकारियों, चुनाव संचालन समिति, कोर कमेटी और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे चुनावी तैयारियों की जानकारी लेने के साथ संगठन की रणनीति और जमीनी स्थिति पर भी चर्चा करेंगे।
ये रहे मौजूद
रोड शो और स्थानीय संकल्प पत्र को लेकर आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता जैना, विधायक अनिता भदेल, जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, संभाग चुनाव प्रभारी विष्णु चैनानी, चुनाव संयोजक अरविंद यादव, एमएलसी महाराष्ट्र राजीव पोद्दार, राजेश शर्मा, राजेश घाटे, संपत सांखला, प्रवीण जैन, भवानी जेदिया, सोमरन आर्य, कमल पंवार, राजेन्द्र रावत, मनोज डीडवानिया और उदय शेखावत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।