नसीराबाद पहुंचे अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल, पुलिस थानों और मतदान केंद्रों का लिया जायजानगर पालिका चुनाव को लेकर कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नसीराबाद पहुंचे अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल, पुलिस थानों और मतदान केंद्रों का लिया जायजा
नगर पालिका चुनाव को लेकर कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नसीराबाद। (अनिल लोहरे)आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल सोमवार को नसीराबाद पहुंचे। एसपी ने शहर के सिटी थाना एवं सदर थाना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दोनों थानों पर पहुंचने पर पुलिस जवानों की ओर से एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर, व्यवस्थाओं एवं पुलिस कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और जवानों से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी अग्रवाल ने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी ने नसीराबाद शहर की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने यातायात को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
एसपी के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से क्षेत्र की स्थिति को लेकर जानकारी ली गई। उन्होंने चुनाव के दौरान पुलिस की सक्रिय भूमिका, आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने की बात कही।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल के नसीराबाद दौरे को आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता और बढ़ गई है।