लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का मजबूत होना ज़रूरी : गोविन्द सिंह डोटासरा

लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का मजबूत होना ज़रूरी : गोविन्द सिंह डोटासरा
Spread the love

जयपुर, 4 अगस्त (प्रतीक पाराशर)।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, ऐसे में कांग्रेस पार्टी का मजबूत होना अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार तानाशाही तरीके से शासन चला रही है, मतदाता सूचियों से वोट हटाए जा रहे हैं, असहमति रखने वालों पर मुकदमे किए जा रहे हैं, और संवैधानिक संस्थाओं का उपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस संगठन को राजस्थान में जमीनी स्तर तक मजबूती प्रदान की जा रही है। राज्य की 120 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन कर बीएलए नियुक्त कर दिए गए हैं और बाकी क्षेत्रों में अगले 7 दिन में बीएलए की नियुक्ति पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं विभिन्न नेताओं और विधायकों से इस संबंध में संवाद कर रहे हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का भाषण और प्रेस नोट उनके दौरे से पहले ही लीक हो जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे, उनकी भेंट और भाषण की सामग्री पहले से सार्वजनिक हो रही है, जिससे यह सरकार “लीक सरकार” बन गई है।

इससे पूर्व, कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में डेगाना विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा से भेंट कर आभार जताया और क्षेत्र में कांग्रेस को मज़बूत करने का संकल्प लिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि डोटासरा ने सभी विभागीय और प्रकोष्ठ प्रमुखों को हर 15 दिन में बैठक आयोजित करने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ फीडबैक साझा करने के निर्देश दिए हैं।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *