भाजपा बूढ़ा पुष्कर मंडल द्वारा आयोजित सहस्त्र धारा महाअभिषेक कार्यक्रम में शामिल हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी बूढ़ा पुष्कर मंडल द्वारा गुमान देव बालाजी मंदिर में आयोजित सहस्त्रधारा महाअभिषेक कार्यक्रम में राजस्थान के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने भाग लिया। इस धार्मिक आयोजन में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक कर प्रदेश की समृद्धि, किसान कल्याण और सामाजिक उत्थान की कामना की।
रावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि,
“इन दो मानसूनों में प्रदेश के लगभग समस्त बांध, तालाब व एनीकट लबालब हुए हैं। यह संयोग नहीं, प्रदेश के भाग्य के नवोदय का प्रतीक है। खुशहाल राजस्थान की यह यात्रा हमारी सरकार की नीति, प्राकृतिक आशीर्वाद और जनभागीदारी का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि उन्हें जल संसाधन मंत्री होने का सौभाग्य ऐसे समय में प्राप्त हुआ जब प्रदेश की जल संरचनाएं अभूतपूर्व रूप से भर गई हैं। यह उपलब्धि मैं अपने क्षेत्रवासियों और भोलेनाथ के चरणों में समर्पित करता हूं।
आस्था, परंपरा और संस्कृति का संगम
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण व विधिविधान से की गई। भगवान शिव का सहस्त्र जल कलशों और दुग्ध से अभिषेक कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया गया। आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक परंपराओं को सजीव रखना था, बल्कि युवाओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी रहा।
मंत्री रावत ने भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आत्मिक ऊर्जा का माध्यम हैं।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, उपमहापौर नीरज जैन, कमल पाठक, मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़, सुरजीत सिंह रावत, मोहन सिंह, मानक सिंह रावत, अशोक सोनी, रोहन बाकोलिया, घनश्याम भाटी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सामाजिक सहभागिता और संगठनात्मक मजबूती का यह आयोजन एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।