तिरंगा यात्रा व सामूहिक राष्ट्रगान ने बिखेरा देशभक्ति का रंग।
त्रिमूर्ति शहीद स्मारक पर गूंजा राष्ट्रगान।
शाहपुरा, 15 अगस्त 2025। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाहपुरा में श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में त्रिमूर्ति शहीद स्मारक चौराहे पर राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, देशभक्ति और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा और सामूहिक राष्ट्रगान ने सभी के मन में देशप्रेम की भावना को और प्रबल किया।प्रातः 10:00 बजे नगर के महलों के चौक से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थी, समिति के सदस्य, और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की मनमोहक जीवंत झांकी इस यात्रा की शोभा बढ़ाने वाली प्रमुख आकर्षण रही। तिरंगे के साथ यह यात्रा सदर बाजार, पुराने बस स्टैंड, और वेलकम चौराहे से होती हुई त्रिमूर्ति शहीद स्मारक चौराहे पर सम्पन्न हुई।

चौराहे पर श्याम सेवा समिति द्वारा सजाए गए तिरंगा और राष्ट्र चिन्ह से सुसज्जित सेल्फी पॉइंट्स सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष उत्साह के साथ इन पॉइंट्स पर सेल्फी लेते नजर आए, जो देशभक्ति के इस उत्सव को और भी यादगार बनाता रहा।
प्रातः 11:15 बजे त्रिमूर्ति शहीद स्मारक चौराहे पर सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। राष्ट्र धुन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा, तहसीलदार भीवराज परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, उपाधीक्षक ओम प्रकाश विश्नोई, थानाधिकारी सुरेश चंद्र, नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों के कर्मचारी, सभी जाती, वर्ग, समुदाय के लोग और श्याम सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




इस अवसर पर डोली प्रजापत द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम और जोश का संचार किया। उनके गीतों ने सभी के हृदय को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। नागरिकों का कहना था कि यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान और गर्व का प्रतीक बना, बल्कि शाहपुरा की एकता और देशभक्ति की भावना को भी प्रदर्शित किया। श्याम सेवा समिति का यह प्रयास हर वर्ष की भांति इस बार भी सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।

