पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन, CM भजनलाल पहुंचे प्रदेश मुख्यालय; मदन राठौड़ बोले- कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की

पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन, CM भजनलाल पहुंचे प्रदेश मुख्यालय; मदन राठौड़ बोले- कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की
Spread the love

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा संगठन ने हार के कारणों और आगामी रणनीति को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि चुनाव में हार-जीत अपनी जगह है, लेकिन कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और समीक्षा करना संगठन की जिम्मेदारी है।

राठौड़ ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी मेहनत की और अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी। पार्टी जनता के जनादेश को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना ही स्पोर्ट्समैन स्पिरिट है।

CM आवास पर भी हुई बैठक

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री आवास पर CM भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार के बीच बैठक हुई। इसमें पंचायत चुनाव के परिणामों और पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रदेश मुख्यालय में भी संगठनात्मक स्तर पर विचार-विमर्श हुआ।

दो-तीन चरणों में होगी चुनावी समीक्षा

मदन राठौड़ ने बताया कि प्रदेशभर में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों की समीक्षा एक बैठक में संभव नहीं है। इसलिए दो-तीन चरणों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें क्षेत्रवार चुनावी प्रदर्शन, स्थानीय परिस्थितियों और संगठन की भूमिका का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समीक्षा के दौरान आगामी रणनीति और संगठन को और मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।

कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने पर जोर

चुनाव परिणामों के बाद भाजपा नेतृत्व के सामने हार के कारणों का आकलन करने के साथ कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने की चुनौती भी है। मुख्यमंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठकों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी समीक्षा बैठकों के बाद पार्टी अपनी संगठनात्मक और चुनावी रणनीति को लेकर आगे के फैसले करेगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *