भीलवाड़ा की 16 पंचायत समितियों में कांग्रेस का दबदबा: 288 में से 168 सीटें जीतीं, भाजपा को 108 पर मिली जीत
भीलवाड़ा। पंचायती राज चुनाव की मतगणना के बाद भीलवाड़ा जिले की 16 पंचायत समितियों के नतीजे सामने आ गए हैं। पंचायत समिति सदस्यों की कुल 288 सीटों में कांग्रेस ने 168 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 108 सीटें मिलीं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने 10 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 2 सीटों पर जीत हासिल की।
जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस को बढ़त मिली। कुल 45 सीटों में से कांग्रेस ने 31 और भाजपा ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की।
कई पंचायत समितियों में दिलचस्प मुकाबले
मतगणना के दौरान कई वार्डों में बेहद करीबी मुकाबले देखने को मिले। बनेड़ा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 में कांग्रेस की गायत्री और भाजपा की मैना को 1718-1718 वोट मिले। बराबरी के बाद लॉटरी (गोटी) से फैसला हुआ।
वहीं मांडलगढ़ के वार्ड संख्या 4 में भाजपा प्रत्याशी रामदेव ने कांग्रेस प्रत्याशी भैरूलाल को महज एक वोट से हराया। शंभूगढ़ के वार्ड संख्या 8 में निर्दलीय महेंद्रकुमार ने केवल 3 वोट से जीत दर्ज की। बिजौलिया के वार्ड संख्या 13 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजतादेवी ने 7 वोट से मुकाबला जीता।
कहां कितनी सीटें जीतीं?
जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में प्रत्याशियों की जीत के साथ स्थानीय राजनीतिक समीकरण भी सामने आए हैं। सुवाणा में 27, मांडल में 21, जहाजपुर में 17, शंभूगढ़ में 15, बनेड़ा में 17, आसींद में 15, शाहपुरा में 15, सहाड़ा में 19, फूलियाकलां में 15, बिजौलिया में 15, रायपुर में 15, मांडलगढ़ में 21, करेड़ा में 17, खजूरी में 15, कोटड़ी में 27 और हुरड़ा में 17 वार्डों के परिणाम घोषित हुए।
मतगणना शुक्रवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।