पूर्व सरपंच पर बोलेरो चढ़ाने के मामले में मौत के बाद हंगामा, गिरफ्तारी के आश्वासन पर धरना समाप्त
अजमेर। जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र स्थित डूमाड़ा गांव में रास्ते पर अतिक्रमण का विरोध करने के दौरान घायल हुए पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना छह दिन पूर्व की बताई जा रही है, जब ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने का विरोध किया जा रहा था। आरोप है कि वार्डपंच के परिजनों ने बोलेरो वाहन चढ़ा दिया, जिससे पूर्व सरपंच सहित तीन लोग घायल हो गए थे। मंगलवार रात उपचार के दौरान पूर्व सरपंच ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना पर बुधवार सुबह गुर्जर समाज के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में अजमेर के जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्यूरी के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी परमेश्वर पुत्र छगनलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर बोलेरो वाहन जब्त कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले में एक जनप्रतिनिधि का नाम सामने आ रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। धरना दे रहे लोगों ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी भी की। बाद में प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, जिसमें दो दिन के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजनों और समाज के लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।