राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma 10 मई को पुष्कर क्षेत्र के निकटवर्ती कड़ेल गांव के दौरे पर रहेंगे।
ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma 10 मई को पुष्कर क्षेत्र के निकटवर्ती कड़ेल गांव के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी यात्रा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रविवार शाम 6 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा कड़ेल के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कड़ेल (पुष्कर) पहुंचेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे से रात 9:15 बजे तक आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं सुनेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। चौपाल कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कड़ेल में आयोजित होगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कड़ेल गांव में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 11 मई की सुबह 6 बजे से 8:20 बजे तक मुख्यमंत्री का प्रातः भ्रमण एवं रिजर्व कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद सुबह 8:20 बजे मुख्यमंत्री कड़ेल से रवाना होकर 8:25 बजे कड़ेल हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचकर जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, पानी तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।