अजमेर नगर निगम की मतगणना कल राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में

Spread the love

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026

अजमेर नगर निगम की मतगणना कल राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में

प्रातः 8 बजे से शुरू होगी मतगणना, दो भवनों के छह कक्षों में होगी मतों की गणना

अजमेर, 13 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर नगर निगम के लिए डाले गए मतों की मतगणना सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगी। इसके लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो भवनों में स्थापित छह कक्षों में मतों की गणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा मतगणना प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल एवं पूरे क्षेतर्् में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक भवन पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परिसर के तीनों प्रवेश द्वारों से केवल निर्धारित एवं अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित रहेंगे। मतगणना के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों को तैनात किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऑब्जर्वर कक्ष एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मतगणना कार्मिकों, प्रत्याशियों के अधिकृत काउंटिंग एजेंट एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गर्मी को ध्यान में रखते हुए परिसर में टेंट, छाया, पेयजल एवं कूलर की व्यवस्था की गई है। बैठने, पेयजल, नेटवर्क सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। हाई स्पीड इंटरनेट नेटवर्क के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि मतगणना से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए डीओआईटी एवं सांख्यिकी विभाग के कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। मीडिया सेंटर के माध्यम से मतगणना से संबंधित जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। माखुपुरा चौराहे से पूर्व यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है तथा निर्धारित अलग-अलग स्थानों पर वाहन पार्क किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने अधिकारियों एवं मतगणना कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।

admin - awaz rajasthan ki

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *