तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों का जायजा, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश

तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों का जायजा, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश
Spread the love

ब्यावर। पंचायत आम चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को ब्यावर क्षेत्र के निमाज और विराटिया खुर्द स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद जिला कलक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत कर उन्होंने चुनाव तैयारियों के संबंध में जानकारी साझा की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए।

मतगणना केंद्रों और ईवीएम की सुरक्षा पर जोर

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को मिले सुविधाएं

मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजनों और बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं हो और सभी के लिए मतदान की प्रक्रिया सुगम रहे।

स्वीप गतिविधियों की सराहना

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप गतिविधियों और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

निरीक्षण के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई, जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उपखंड अधिकारी मनोज मीना, ब्यावर उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *