चतुर्थ चरण के पंचायत समिति चुनाव के लिए 6 नामांकन दाखिल, बदनौर में सबसे ज्यादा आवेदन
ब्यावर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण के पंचायत समिति सदस्य चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को नामांकन के पहले दिन जिला ब्यावर की तीन पंचायत समितियों में कुल 5 अभ्यर्थियों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव के लिए लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमलराम मीना ने बताया कि पहले दिन बदनौर पंचायत समिति में सबसे अधिक 5 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं रायपुर पंचायत समिति में एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। मसूदा पंचायत समिति में पहले दिन किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
तीसरे चरण का प्रचार आज शाम थमेगा
इधर, पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत ब्यावर जिले में होने वाले मतदान को लेकर चुनाव प्रचार रविवार शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। इस चरण में जिला परिषद ब्यावर के 14 वार्डों सहित पंचायत समितियों जवाजा, जैतारण, नरबदखेड़ा और रास में 3 नवंबर को मतदान होगा। वहीं सरपंच और पंच पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान निर्धारित है।
निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले यानी 1 नवंबर को शाम 6 बजे से प्रचार पर रोक लागू होगी।
5 नवंबर तक संबंधित क्षेत्रों में रहेगा सूखा दिवस
निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों और उनकी पांच किलोमीटर की परिधि में 1 नवंबर से 5 नवंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। इस अवधि में शराब का विक्रय, वितरण और उपलब्ध कराना प्रतिबंधित रहेगा।
शांत अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार सामग्री लगाने पर रोक रहेगी। इस दौरान सार्वजनिक सभा, रैली और जुलूस आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। मतदान केंद्र की मुख्य दीवार से 200 मीटर की परिधि में अस्थायी चुनाव कार्यालय खोलने की भी अनुमति नहीं होगी।