किशनगढ़ में गुर्जर समाज के 6 सरपंच निर्वाचित, सिलोरा में नंदूदेवी बनीं उप सरपंच
अजमेर । पंचायत राज चुनाव 2026 में किशनगढ़ क्षेत्र की 36 ग्राम पंचायतों के परिणामों में गुर्जर समाज के छह प्रत्याशियों ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की है। पिछले पंचायत चुनाव में क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायतों में इस समाज से कोई भी प्रत्याशी सरपंच निर्वाचित नहीं हुआ था। इस बार छह प्रत्याशियों की जीत के बाद पंचायत स्तर पर समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ा है।
स्थानीय स्तर पर इस बदलाव को चुनावी समीकरणों और प्रत्याशियों की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। पंचायतों की संख्या 33 से बढ़कर 36 होने के साथ इस बार विभिन्न क्षेत्रों में नए चुनावी मुकाबले भी देखने को मिले।
सिलोरा में दो घंटे की चर्चा के बाद हुआ उप सरपंच का चुनाव
ग्राम पंचायत सिलोरा में शनिवार को उप सरपंच पद के चुनाव के दौरान वार्ड पंचों के बीच सहमति नहीं बनने पर मतदान करवाना पड़ा। निर्विरोध निर्वाचित वार्ड पंच नंदूदेवी गुर्जर का नाम उप सरपंच पद के लिए सामने आने के बाद वार्ड पंच शिवशंकर कुमावत और नरेश सेन ने इस पर आपत्ति जताई।
विरोध करने वाले सदस्यों का तर्क था कि सरपंच पद पहले से महिला के पास है, इसलिए उप सरपंच पद पर किसी पुरुष को मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने उप सरपंच के लिए शिक्षित व्यक्ति को चुने जाने की मांग भी रखी। इस मुद्दे पर करीब दो घंटे तक चर्चा और बहस चली। सहमति नहीं बनने पर निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान कराने का निर्णय लिया।
नंदूदेवी को मिले 12 वोट
उप सरपंच पद के चुनाव में कुल 14 वार्ड पंचों ने मतदान किया। इसमें नंदूदेवी गुर्जर को 12 वोट मिले, जबकि रेखा माली को 2 वोट प्राप्त हुए। नरेश सेन को कोई वोट नहीं मिला। इस तरह नंदूदेवी गुर्जर सिलोरा की उप सरपंच निर्वाचित हुईं। नंदूदेवी इससे पहले वार्ड पंच पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं।