टांकावास सरपंच चुनाव पर विवाद, दो प्रत्याशी पहुंचे कोर्ट; कांग्रेस ने वीडियो जारी कर लगाए धांधली के आरोप

टांकावास सरपंच चुनाव पर विवाद, दो प्रत्याशी पहुंचे कोर्ट; कांग्रेस ने वीडियो जारी कर लगाए धांधली के आरोप
Spread the love

अजमेर। सावर तहसील की टांकावास ग्राम पंचायत में हुए सरपंच चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। चुनाव में पराजित दो प्रत्याशियों ने कथित अनियमितताओं को लेकर अजमेर की अदालत में याचिका दायर कर परिणाम निरस्त करने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस ने भी चुनाव में गड़बड़ी और पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए वीडियो जारी किया है।

मतगणना और मतपेटियों की सुरक्षा पर सवाल

याचिकाकर्ता कन्हैयालाल और मूलचंद ने अदालत में आरोप लगाया कि मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। याचिका में मतपेटियों को बिना सूचना दूसरी जगह ले जाने, मतगणना में अनियमितताओं और बूथवार गिनती नहीं कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

याचिकाकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशी रामदेव को मिले 500 मतों पर भी संदेह जताया है। उनका आरोप है कि मतपत्रों की गिनती के दौरान अन्य प्रत्याशियों के मत विजयी प्रत्याशी के खाते में जोड़ दिए गए। उन्होंने CCTV फुटेज और Video Recording अदालत में मंगवाने की मांग की है।

कांग्रेस ने वीडियो जारी कर पुलिस पर लगाए आरोप

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिसकर्मियों पर धनराशि लेकर एक प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर वीडियो की तकनीकी जांच, संबंधित पुलिसकर्मियों की पहचान और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।

चुनाव परिणाम रद्द करने की मांग, 28 नवंबर को सुनवाई

अदालत में दायर याचिका में चुनाव परिणाम निरस्त करने, मतपेटियों की दोबारा जांच, Recounting अथवा नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की गई है। मामले में विजयी प्रत्याशी रामदेव, निर्वाचन अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारी को भी पक्षकार बनाया गया है।

अदालत में अगली सुनवाई 28 नवंबर को निर्धारित है। कांग्रेस की कानूनी टीम एडवोकेट विवेक पराशर के नेतृत्व में मामले की पैरवी कर रही है।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *