जिला प्रमुख की कुर्सी पर घमासान! BJP तैयार, CONGRESS खामोश?

जिला प्रमुख की कुर्सी पर घमासान! BJP तैयार, CONGRESS खामोश?
Spread the love

मतगणना से पहले सियासी खेल शुरू!

अजमेर। जिला परिषद चुनाव की मतगणना से पहले ही अजमेर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा जहां चुनाव परिणाम से पहले ही बहुमत का गणित बैठाने और अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस खेमे में फिलहाल अपेक्षाकृत शांति नजर आ रही है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या कांग्रेस परिणाम के बाद अपनी रणनीति बनाएगी या पार्टी के भीतर कोई असमंजस है?

भाजपा की बाड़ाबंदी, कांग्रेस की रणनीति का इंतजार

भाजपा ने अपने जिला परिषद प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ाबंदी और प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए हैं। वरिष्ठ नेता भी लगातार सक्रिय हैं। पार्टी की कोशिश है कि मतगणना के बाद किसी तरह की राजनीतिक टूट-फूट या विरोधी खेमे की सेंधमारी की संभावना न रहे।

दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों को एकजुट रखने और जिला प्रमुख पद के लिए दावेदारों को लेकर अभी वैसी सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। पार्टी के 33 जिला परिषद प्रत्याशियों के भविष्य को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।

दोनों दलों में इन नामों की चर्चा

जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा की ओर से पूर्व जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा, पूजा भंसाली और सुनीता चौधरी के नाम चर्चा में हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से सीता देवी जाट और कमलेश गुर्जर संभावित दावेदारों में बताए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला चुनाव परिणाम और पार्टी के आंतरिक समीकरणों के बाद ही होगा।

कांग्रेस के सामने एकजुटता की चुनौती

जिला प्रमुख का पद दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। भाजपा पहले से ही राजनीतिक समीकरण मजबूत करने में जुटी है, जबकि कांग्रेस के सामने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने और परिणाम के बाद बहुमत का गणित साधने की चुनौती होगी।

नेताओं से संपर्क का प्रयास

इस संबंध में देहात कांग्रेस अध्यक्ष एवं किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी और देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापति से बातचीत का प्रयास किया गया। विकास चौधरी ने बाद में बात करने की बात कही, जबकि जीतमल प्रजापति से संपर्क नहीं हो पाया।

अब सबकी नजर मतगणना पर है। चुनाव परिणाम बताएंगे कि भाजपा की पहले से तैयार रणनीति कितनी सफल होती है और कांग्रेस की खामोशी राजनीतिक इंतजार साबित होती है या चुनौती।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *