पंचायत चुनाव: कल सुबह 8 बजे खुलेगा जनादेश का पिटारा, पहले आएंगे जिला परिषद के नतीजे

पंचायत चुनाव: कल सुबह 8 बजे खुलेगा जनादेश का पिटारा, पहले आएंगे जिला परिषद के नतीजे
Spread the love

अजमेर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 में किसके सिर जीत का ताज सजेगा, इसका फैसला अब शुक्रवार को होगा। अजमेर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, माखुपुरा में शुरू होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। खास बात यह है कि इस बार सबसे पहले जिला परिषद सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे, इसके बाद पंचायत समिति सदस्यों के नतीजे सामने आएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल के अनुसार मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से होगी। इसके बाद ईवीएम से मतों की गणना की जाएगी। जिला परिषद सदस्यों के डाक मतपत्रों की गणना मैन ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरा एम-18 में तीन टेबलों पर होगी। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के डाक मतपत्रों की गणना संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा निर्धारित मतगणना कक्षों में करवाई जाएगी।

पंचायत समितिवार मतगणना व्यवस्था – अजमेर जिला

पंचायत समितिबूथवार्डटेबलमतगणना कक्ष
सरवाड़84157EL-03
केकड़ी83157EL-09
सावर68155EL-13
पीसांगन105178EL-08
श्रीनगर1161910C-06
अजमेर ग्रामीण114199M-21
बदल्या87177M-32
सिलोरा1542711C-15
अरांई86177M-37
भिनाय116199M-25

मतगणना की मुख्य जानकारी

विवरणजानकारी
तारीखशुक्रवार, 20 नवंबर 2026
समयसुबह 8:00 बजे
स्थानराजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, माखुपुरा
पहला परिणामजिला परिषद सदस्य
इसके बादपंचायत समिति सदस्य
डाक मतपत्रसबसे पहले गणना

रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त

जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु ने मतगणना संपन्न करवाने के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। सरवाड़, केकड़ी, सावर और अरांई पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पीसांगन के लिए उपखंड अधिकारी रूपनगढ़, श्रीनगर के लिए उपखंड अधिकारी नसीराबाद, अजमेर ग्रामीण के लिए उपखंड अधिकारी पुष्कर, बदल्या के लिए उपखंड अधिकारी अजमेर तथा सिलोरा के लिए उपखंड अधिकारी किशनगढ़ को नियुक्त किया गया है। भिनाय के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त (दक्षिण) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एक ही कंट्रोल यूनिट से आएंगे दोनों के परिणाम

इस बार मल्टीपोस्ट मल्टीवोट (MPMV) ईवीएम की एक ही कंट्रोल यूनिट में जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों सदस्यों के परिणाम प्रदर्शित होंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम में पहले क्रम पर जिला परिषद और दूसरे क्रम पर पंचायत समिति सदस्य की सेटिंग की गई है। इसी वजह से मतगणना में पहले जिला परिषद और उसके बाद पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

अधिकारियों और प्रत्याशियों के लिए अलग पार्किंग

मतगणना स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मतगणना में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग प्रवेश द्वार संख्या एक, ब्रिज के पास निर्धारित की गई है। वहीं प्रत्याशियों एवं उनके एजेंटों के वाहनों की पार्किंग राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय वाले प्रवेश द्वार पर रहेगी।

शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू होने वाली मतगणना के साथ ही जिले की ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ होने लगेगी। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *