मतगणना से पहले भाजपा-कांग्रेस की बढ़ी धड़कनें, जिला परिषद प्रत्याशियों की फिर होगी बाड़ाबंदी
जिला परिषद चुनाव: अज्ञातवास में रखे प्रत्याशियों की बदली रणनीति, अब एक साथ बाड़ाबंदी में जुटीं भाजपा-कांग्रेस
मतगणना में दो दिन शेष, दोनों पार्टियों के नेता अलर्ट; विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार चल रही निगरानी, जिला परिषद के सभी 35 प्रत्याशियों को एक जगह रखने की तैयारी
चित्तौड़गढ़-द्वारका प्रसाद झवर। पंचायतीराज चुनाव की मतगणना में अब महज एक दिन शेष रहने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में अपने प्रत्याशियों को लेकर दोनों दल पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। पिछले कई दिनों से चल रही प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी का स्वरूप अब तेजी से बदल रहा है। दोनों पार्टियां जिला परिषद के अपने सभी 35 प्रत्याशियों को एक साथ एक स्थान पर रखने की रणनीति पर काम कर रही हैं।
चुनाव के दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद भाजपा और कांग्रेस ने अपने पंचायत समिति एवं जिला परिषद प्रत्याशियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं की निगरानी में रखा था। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की जिम्मेदारी स्थानीय नेताओं को सौंपी गई थी। इसके तहत उम्मीदवारों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं की निगरानी में रही बाड़ाबंदी
दोनों दलों की बाड़ाबंदी की रणनीति काफी हद तक समान रही। भाजपा में चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं क्षेत्र के प्रत्याशियों की निगरानी विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के नेतृत्व में की गई। प्रत्याशियों को भ्रमण और देव दर्शन के लिए भी ले जाया गया। इनमें गुजरात स्थित सोमनाथ तीर्थ यात्रा भी शामिल रही।
अब मतगणना नजदीक आने के साथ जिला परिषद प्रत्याशियों को पंचायत समिति सदस्यों से अलग कर एक साथ रखने की कवायद शुरू हो गई है। दोनों दलों का प्रयास है कि जिला परिषद के सभी प्रत्याशी एक जगह रहें, ताकि मतगणना और परिणाम के बाद की राजनीतिक परिस्थितियों पर सामूहिक रूप से नजर रखी जा सके।
भाजपा में आक्या, कांग्रेस में आंजना के इर्द-गिर्द रणनीति
राजनीतिक जानकारों के अनुसार जिला परिषद प्रत्याशियों की सामूहिक बाड़ाबंदी में भाजपा की रणनीति विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के इर्द-गिर्द केंद्रित है, जबकि कांग्रेस में पूर्व विधायक उदयलाल आंजना की भूमिका प्रमुख बताई जा रही है। दोनों दल अपने प्रत्याशियों के बीच समन्वय बनाए रखने और मतगणना तक उन्हें एकजुट रखने में जुटे हैं।
बाड़ाबंदी में भोजन से लेकर आवभगत तक की व्यवस्था
प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी के दौरान उनके खान-पान और अन्य व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बेगूं क्षेत्र के विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ भी प्रत्याशियों के साथ पंगत में बैठकर भोजन करते नजर आए। भाजपा पदाधिकारी अर्जुन गिल, उमेश त्रिपाठी, सतीश अग्रवाल और बबलू बत्रा सहित अन्य कार्यकर्ता प्रत्याशियों की आवभगत में जुटे हुए हैं।
अब मतगणना से पहले के ये दो दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। जिला परिषद के 35 प्रत्याशियों को एक साथ रखने की रणनीति के बीच सबकी निगाहें चुनाव परिणाम और उसके बाद बनने वाले जिला परिषद के राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं।