राजस्थान ग्रामीण विकास सेवा परिषद के वार्षिक चुनाव संपन्न, गौतमराम चौधरी बने नए प्रदेशाध्यक्ष
जयपुर, 25 मई — इंदिरा गांधी पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास संस्थान, जयपुर में राजस्थान ग्रामीण विकास सेवा परिषद का वार्षिक चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद फलोदी के गौतमराम चौधरी को सर्वसम्मति से परिषद का प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

गौतमराम चौधरी को संगठन की बागडोर मिलने के बाद पंचायतीराज विभाग एवं आरडीएस से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। चौधरी को सोशल मीडिया एवं दूरभाष के माध्यम से बधाइयों का तांता लग गया है।
चुनाव प्रक्रिया के निर्वाचन अधिकारी शैलेष रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशाध्यक्ष के रूप में गौतमराम चौधरी के साथ-साथ आदेश कुमार मीणा को महासचिव एवं प्रहलादराम डूडी को उपाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित किया गया है।
बैठक के दौरान परिषद की पूर्व कार्यकारिणी द्वारा अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया गया, वहीं नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने भविष्य की योजनाओं और समावेशी कार्यशैली के साथ प्रदेश के ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि सीनियर आरआरडीएस अधिकारी गौतमराम चौधरी पंचायतीराज विभाग के एक कुशल, कर्मठ और लोकप्रिय अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वे जोधपुर, जैसलमेर, अजमेर, नागौर, पाली, बाड़मेर, जालोर सहित अनेक जिलों में विकास अधिकारी एवं विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं।
नागौर जिले के मेड़तासिटी तहसील के बीटन गांव में एक किसान परिवार में जन्मे गौतमराम चौधरी ने अपनी कार्यशैली से जहां भी तैनात रहे, वहां आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया। इसी कारण वे न केवल विभाग में, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक लोकप्रिय और जनसरोकारों से जुड़े अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं।