भजनलाल सरकार की बजट-पूर्व तैयारियां तेज, चिकित्सा व चिकित्सा शिक्षा विभाग के सुझावों पर आज मंथन
जयपुर। भजनलाल सरकार ने आगामी बजट को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री कार्यालय में दोपहर 12:30 बजे उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में डिप्टी सीएम दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित मुख्यमंत्री कार्यालय और चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने तथा बजट में प्राथमिकताओं को अंतिम रूप देना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय स्तर के स्वास्थ्य संगठनों और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ भी सहभागिता करेंगे। इनमें आईएलबीएस के निदेशक डॉ. एस. के. सरीन, मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक नरेश त्रेहान, नारायणा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. देवी शेट्टी, भगवान महावीर विकलांगता समिति के अध्यक्ष पद्म भूषण डी. आर. मेहता, इलेक्ट्रोपेथ चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. हेमंत सेठिया और इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश्वर प्रसाद शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य अवसंरचना, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों की क्षमता वृद्धि, मानव संसाधन विकास और जनस्वास्थ्य योजनाओं को लेकर ठोस सुझाव सामने रखे जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर आगामी बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने की रणनीति तैयार की जाएगी।