कलेक्टर के नाम से वॉट्सएप पर ठगी की कोशिश, इंटरनेशनल नंबर से मांगे जा रहे रुपये

कलेक्टर के नाम से वॉट्सएप पर ठगी की कोशिश, इंटरनेशनल नंबर से मांगे जा रहे रुपये
Spread the love

अजमेर। अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु के नाम से वॉट्सएप पर साइबर ठगी का प्रयास सामने आया है। ठगों ने कलेक्टर की फोटो लगाकर फर्जी वॉट्सएप अकाउंट बनाया और इंटरनेशनल नंबर से जिले के अधिकारियों को संदेश भेजकर रुपये की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर लोकबंधु ने अधिकारियों और आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही उन्होंने अजमेर पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

फर्जी अकाउंट से भेजे जा रहे संदेश

कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि मंगलवार सुबह कुछ अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी वॉट्सएप अकाउंट बनाया गया है। इस अकाउंट से इंटरनेशनल नंबर का उपयोग करते हुए पैसों की मांग की जा रही है।

सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर ने कहा कि जैसे ही यह मामला संज्ञान में आया, तत्काल अलर्ट जारी कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की ओर से किसी भी अधिकारी या नागरिक से वॉट्सएप के माध्यम से धन की मांग नहीं की जाती।

उन्होंने अपील की कि यदि किसी को इस तरह का संदेश प्राप्त होता है, तो बिना किसी प्रतिक्रिया के उस नंबर को ब्लॉक करें और वॉट्सएप पर रिपोर्ट करें। साथ ही संबंधित पुलिस को भी इसकी सूचना दें।

पुलिस को जांच के निर्देश

जिला कलेक्टर ने अजमेर एसपी को मामले की जानकारी देकर साइबर ठगों की पहचान और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से भी सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आने की अपील की है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *