“हेलो, मैं IAS बोल रहा हूं…” अब 181 पर खुद सुनेंगे शिकायतें, 35 अधिकारियों की ड्यूटी
जयपुर। राज्य सरकार ने नागरिक शिकायत निवारण तंत्र को और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने 35 आईएएस अधिकारियों की ड्यूटी राजस्थान संपर्क केंद्र (181) पर लगाई है। प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 4 मार्च से 28 अप्रैल तक अलग-अलग तिथियों पर वरिष्ठ अधिकारी स्वयं 181 केंद्र पहुंचकर कम से कम 10-10 कॉल सुनेंगे और संबंधित विभागों की शिकायतों की समीक्षा करेंगे।
आदेश के तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क केंद्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वे लंबित शिकायतों का सत्यापन, औसत निपटान समय की समीक्षा, कम संतुष्टि स्तर वाली शिकायतों का विश्लेषण तथा लंबे समय से लंबित मामलों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। 14 फरवरी के आदेश के अनुसार प्रत्येक अधिकारी को कम से कम 10 लंबित शिकायतों की सुनवाई कर नीति और प्रक्रिया में आवश्यक सुधार के सुझाव भी देने होंगे।
दरअसल, 17 जनवरी को आयोजित ‘राज उन्नति’ बैठक में मुख्यमंत्री ने नागरिक शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संतुष्टि स्तर बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत शिकायत श्रेणियों की पुनर्समीक्षा, विषयवार वर्गीकरण में सुधार, संवेदनशील मामलों की मॉनिटरिंग तथा भारत सरकार व संवैधानिक संस्थाओं से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक दौरे के बाद अधिकारी विस्तृत ‘दौरा नोट’ प्रस्तुत करेंगे, जिससे राजस्थान संपर्क प्रणाली को अधिक जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया जा सके।