1 अप्रैल 2026 से पशुपालकों को ₹10 प्रति फैट मिलेगा दूध खरीद मूल्य

1 अप्रैल 2026 से पशुपालकों को ₹10 प्रति फैट मिलेगा दूध खरीद मूल्य
Spread the love

अजमेर। अजमेर डेयरी संघ की 160वीं संचालक मंडल बैठक संघ अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें पशुपालकों की आय वृद्धि और संघ की वित्तीय सुदृढ़ता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में तय किया गया कि वर्तमान में ₹9 प्रति फैट की दर से दिया जा रहा दूध खरीद मूल्य 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगा। 1 अप्रैल 2026 से समितियों की ₹0.75 प्रति फैट हिस्सा राशि को दूध क्रय मूल्य में जोड़ते हुए तथा ₹0.25 प्रति फैट संघ के पोते से समायोजित कर पशुपालकों को कुल ₹10 प्रति फैट भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 2% बचत खाते से दुग्ध संकलन पर की जा रही ₹0.25 प्रति फैट कटौती को भी 1 अप्रैल 2026 से बंद करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि रील कंपनी के माध्यम से ही समस्त डेटा सीधे जिला संघ एवं आरसीडीएफ को प्रेषित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और मॉनिटरिंग को सुदृढ़ किया जा सके। वर्तमान में अधिकांश समितियों पर रील प्रणाली लागू है, शेष समितियों को मार्च तक चरणबद्ध रूप से जोड़ा जाएगा। आगामी वित्तीय वर्ष में प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध बिक्री तथा दही उत्पादन 10 हजार किलोग्राम से बढ़ाकर 20 हजार किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री बढ़ाने हेतु प्रत्येक बीएमसी पर 2-इन-1 डी-फ्रिज उपलब्ध कराए जाएंगे।

मिलावट रोकने के लिए सख्त प्रावधान करते हुए निजी दूध संग्रह पर पूर्ण रोक लगाने और उल्लंघन की स्थिति में समिति को 3 वर्ष के निलंबन एवं ₹1 लाख जुर्माने का निर्णय लिया गया। संघ में रिक्त 83 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। ठेका श्रमिकों के दैनिक मानदेय में न्यूनतम ₹67 की वृद्धि तथा स्थायी कर्मचारियों के विशेष पैकेज में ₹2000 बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गई। संघ अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने कहा कि ये निर्णय पशुपालकों की आय बढ़ाने, विपणन विस्तार और संघ की वित्तीय मजबूती की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *