निकाय चुनाव के प्रदर्शन का फीडबैक लेकर कमियों में सुधार करें: नितिन नवीन
जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों और हालिया निकाय चुनाव के अनुभवों पर चर्चा की।
बैठक में नितिन नवीन ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहें और क्षेत्र की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए काम करें। उन्होंने हालिया निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का फीडबैक लेने और जहां कमियां सामने आई हैं, वहां सुधार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में संगठन को और सक्रिय करने तथा जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। साथ ही, जनता के साथ विनम्रता और सादगी से संवाद कायम रखने का संदेश दिया।
नितिन नवीन ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी गांव-ढाणी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे सरकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
पंचायत चुनाव को चुनौती के रूप में लेने का संदेश
बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भी संगठन की तैयारियों पर चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व की ओर से जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का संदेश दिया गया।
नितिन नवीन के प्रमुख संदेश
- चुनाव के समय ही नहीं, लगातार जनता के बीच रहें जनप्रतिनिधि।
- निकाय चुनाव के प्रदर्शन का फीडबैक लेकर कमियों में सुधार करें।
- कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में संगठन को और सक्रिय करें।
- जनप्रतिनिधि संगठन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें।
- विनम्रता और सादगी के साथ जनता से संवाद बनाए रखें।
- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-ढाणी तक पहुंचाएं।
- विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
- आगामी पंचायत चुनाव को चुनौती के रूप में लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारी करें।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का राजस्थान दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब हालिया निकाय चुनाव के बाद पार्टी का फोकस अब पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों पर है।