मुख्यमंत्री विकसित ग्राम – वार्ड अभियान 19 मार्च से 15 मई तक चलेगा
जयपुर | प्रदेश में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम वार्ड अभियान के तहत हर गांव और वार्ड की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल तैयार की जाएगी। गांवों व वार्डों के विकास का रोडमैप बनेगा। इसके लिए समग्र विकास का मॉडल तैयार किया गया है। अभियान के दौरान जिला कलेक्टर स्तर पर किसानों, युवाओं और महिलाओं से संवाद कर सुझाव लिए जाएंगे। राजीविका एवं सहकारी समितियों की तर्ज पर स्थानीय स्तर पर समूह बनाए जाने के प्रयास किए जाएंगे।
ग्राम पंचायतों के कार्यों के लिए युवाओं की टीम बनाकर सुझाव लिए जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को राजस्थान दिवस के अवसर पर विकास को जनआंदोलन का रूप देने की बड़ी पहल करते हुए 19 मार्च से 15 मई तक चलने वाले मुख्यमंत्री विकसित ग्राम वार्ड अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अभियान की वेबसाइट और वीडियो का लोकार्पण किया।
गांव वार्ड स्तर पर बनेगा विकास प्लानः अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में सभाएं कर लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों को शामिल करते हुए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। 20 मार्च से शुरू होंगी ग्राम सभाएं: अभियान के तहत 20 मार्च को पहली ग्राम सभा और वार्ड सभा होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य बैठकों का आयोजन कर डेटा तैयार किया जाएगा । उसी आधार पर विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 विजन के अनुरूप है और विकसित राजस्थान 2047
लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।