किशनगढ़ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत, कार्यकर्ताओं और किसानों का किया अभिवादन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, विधायक डॉ. विकास चौधरी ने किया नेतृत्व
किशनगढ़/अजमेर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोमवार को किशनगढ़ आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका स्वागत किया। अजमेर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए।
राहुल गांधी के एयरपोर्ट पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया। इस दौरान किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत के दौरान राहुल गांधी ने वाहन से बाहर आकर उपस्थित कार्यकर्ताओं और किसानों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनसे संक्षिप्त मुलाकात भी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल गांधी ने स्वागत के लिए पहुंचे कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विधायक डॉ. विकास चौधरी से भी मुलाकात की और क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
राहुल गांधी ने उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए उनके समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों और आमजन के मुद्दों को उठाना कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा पार्टी जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
विधायक डॉ. विकास चौधरी ने राहुल गांधी के स्वागत के लिए पहुंचे कार्यकर्ताओं, किसानों और आमजन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कार्यकर्ता निरंतर सक्रिय हैं।
स्वागत कार्यक्रम में अजमेर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल गांधी किशनगढ़ से पुष्कर के तिलोरा स्थित प्रशिक्षण एवं चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।