*यूथ जोड़ो अभियान* *सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा मार्गदर्शन*

*यूथ जोड़ो अभियान*  *सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा मार्गदर्शन*
Spread the love

*यूथ जोड़ो अभियान*

*सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा मार्गदर्शन*

*सार्वजनिक पुस्तकालयों का ले सकते हैं अभ्यर्थी उपयोग*

अजमेर, 06 जुलाई। यूथ जोड़ो अभियान के अन्तर्गत सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा सार्वजनिक पुस्तकालयों का उपयोग कर सकते है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा की तैयारी के सम्बन्ध में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। शनिवार 8 जुलाई को राजकीय सार्वजनिक मण्डल पुस्तकालय तोपदड़ा में राज्य सरकार के शासन सचिव एवं आयुक्त स्तर के अधिकारी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

राजकीय सार्वजनिक मण्डल पुस्तकालय के पुस्तकालयध्यक्ष श्री उपेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि तोपदड़ा स्थित पुस्तकालय में शनिवार 8 जुलाई को सायं 6 से 7.30 बजे तक मीट दा टॉपर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भाषा एवं पुस्तकालय विभाग द्वारा युवाओं को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए एक नवाचार किया जा रहा है। इसमें स्कूल शिक्षा भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन आईएएस प्रेरक वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को सम्बोधित करेंगे। मुख्य वक्ता कृषि एवं पंचायती राज विभाग के आयुक्त श्री गौरव अग्रवाल आईएएस होंगे। श्री अग्रवाल सिविल सेवा परीक्षा 2014 बैच के टॉपर रहे हैं। इसमें भाग लेने के लिए विद्यार्थी अपना स्थान आरक्षित करवा सकते है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सिविल सेवा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को राजकीय पुस्तकालयों से जोड़ने के लिए यूथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। तोपदड़ा स्थित राजकीय सार्वजनिक मण्डल पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षार्थियों के अध्ययन के लिए आधुनिक फर्नीचर एवं शांत वातावरण उपलब्ध है। हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषाओं के समस्त दैनिक समाचार पत्र एक ही स्थान पर उपलब्ध होते हैं। प्रतियोगी परीक्षार्थियों के अध्ययन के लिए सामयिक प्रतियोगिता पत्र-पत्रिकाओं की सुविधा पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नवीनतम एवं स्तरीय पुस्तकें भी पुस्तकालय में रहती है। वर्तमान में 31 हजार 725 से अधिक पुस्तकों का संग्रह है। इसकी वार्षिक सदस्यता की अवधि एक अप्रैल से 31 मार्च तक के लिए निर्धारित की गई है। पुस्तकालय के सदस्यों को 14 दिवस के लिए पुस्तक घर पर अध्ययन करने के लिए उधार दी जाती है।

उन्होंने बताया कि यहां कंप्यूटर लैब मय निःशुल्क इंटरनेट के उपलब्ध है। विद्यार्थियों के लिए पीने के शीतल जल की व्यवस्था के साथ-साथ लड़कों एवं लड़कियों के लिये पृथक शौचालय की सुविधा भी है। सावित्री बाई फुले वाचनालय में विभिन्न ज्ञानवर्द्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। महात्मा गाँधी कॉर्नर में सम्पूर्ण गाँधी साहित्य अध्ययन के लिए उपलब्ध है। अलग-अलग क्षेत्रों में सफल व्यक्तियों, विशिष्ट विषय के विद्वानों, विशेषज्ञों तथा कैरियर परामर्शदाताओं आदि को समय-समय पर पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए आमंत्रित किया जाता है। पुस्तकालय एवं वाचनालय की सेवाएं ग्रीष्मकाल ( एक अप्रैल से 30 सितम्बर तक) में प्रातः 11 से सायं 7 बजे तक तथा शीतकाल (एक अक्टूबर से 31 मार्च तक) में प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक ली जा सकती है। पुस्तकालय में राज्य सरकार द्वारा घोषित अवकाश के अतिरिक्त माह का द्वितीय शनिवार एवं प्रति रविवार का अवकाश रहता है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 323 पुस्तकालयों का विशाल परिवार कार्यरत है। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान में 47 पूर्णकालिक पुस्तकालय है। सावित्री बाई फुले वाचनालय में अध्ययन की अच्छी सुविधा देने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्तरीय साहित्य की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस प्रकार की सुविधाएं सरकार द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निःशुल्क दी जा रही है।

 

विजय कुमार पाराशर

आवाज राजस्थान की

9414302519


Spread the love

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *