गर्भवती महिलाओं की होगी सघन स्क्रीनिंग, 15 जुलाई से 5 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

गर्भवती महिलाओं की होगी सघन स्क्रीनिंग, 15 जुलाई से 5 दिवसीय विशेष अभियान शुरू
Spread the love

सभी गर्भवती महिलाओं की होगी सघन स्क्रीनिंग, 15 जुलाई से 5 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 जुलाई से 19 जुलाई तक जिलेभर में विशेष सघन गर्भवती महिला स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रत्येक गर्भवती महिला की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण तथा जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान कर समय पर उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आशा सहयोगिनी, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की जिम्मेदारी तय की गई है। ये कार्मिक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक गर्भवती महिला तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श तथा समय पर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की समय पर पहचान कर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

सीएमएचओ ने जिले के सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक गर्भवती महिला के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा आवश्यक जांच एवं उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों में लेबर रूम एवं ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि सभी गर्भवती महिलाएं निर्धारित तिथि पर अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर प्रसवपूर्व जांच अवश्य कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का लाभ उठाएं।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *