अजमेर जिले को जल्द मिल सकते हैं दो नए विकास अधिकारी

Spread the love

अजमेर जिले को जल्द मिल सकते हैं दो नए विकास अधिकारी

चार पंचायत समितियों में पद रिक्त, योजनाओं के क्रियान्वयन पर पड़ रहा असर

अजमेर। अजमेर जिले की पंचायत समितियों में लंबे समय से रिक्त चल रहे विकास अधिकारियों के पदों को लेकर जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा इस सप्ताह नई तबादला सूची जारी की जा सकती है, जिसमें अजमेर जिले को दो नए विकास अधिकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

जिला परिषद के अधीन संचालित 10 पंचायत समितियों में वर्तमान में अजमेर ग्रामीण, श्रीनगर, सरवाड़ और सावर पंचायत समितियों में विकास अधिकारी के पद रिक्त हैं। इसके अलावा नवगठित बड़ल्या पंचायत समिति के अस्तित्व में आने के बाद वहां भी विकास अधिकारी सहित अन्य आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति होना शेष है।

विकास अधिकारियों के पद रिक्त होने से पंचायत समितियों में विकास योजनाओं के संचालन, प्रशासनिक कार्यों की निगरानी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई मामलों में अतिरिक्त प्रभार के भरोसे व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे कार्यों के निष्पादन की गति प्रभावित हो रही है।

ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के बीच चर्चा है कि आगामी तबादला सूची में रिक्त पदों को प्राथमिकता दी जा सकती है। यदि ऐसा होता है तो अजमेर जिले को फिलहाल दो नए विकास अधिकारी मिल सकते हैं, जबकि शेष रिक्त पदों पर भी आगामी चरण में नियुक्तियां होने की संभावना है।

पंचायती राज विभाग से जुड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां होने से विकास कार्यों में तेजी आएगी, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग होगी तथा आमजन को भी प्रशासनिक सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। हालांकि, विभाग की ओर से तबादला सूची को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *