नसीराबाद में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण को लेकर 8 अगस्त को संवाद कार्यक्रम40.34 करोड़ के विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों व स्टेकहोल्डर्स से लिए जाएंगे सुझाव
नसीराबाद में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण को लेकर 8 अगस्त को संवाद कार्यक्रम
40.34 करोड़ के विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों व स्टेकहोल्डर्स से लिए जाएंगे सुझाव
नसीराबाद, (अनिल लोहरे)
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के अंतर्गत नसीराबाद शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर 8 अगस्त 2026 को नगर पालिका समिति के सभागार में सुबह 11 बजे संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा सुझाव व फीडबैक लिए जाएंगे।
इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पांचवें चरण में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी साझा करना और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को अंतिम रूप देना है।
पंचम चरण के तहत शहरों एवं उनके सैटेलाइट क्षेत्रों का समग्र विकास कर बेहतर जीवन स्तर प्रदान करने पर जोर रहेगा। इसके अंतर्गत जल आपूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी परिवहन, बाढ़ नियंत्रण, विरासत संरक्षण एवं पर्यावरणीय सुधार जैसे कार्य शामिल किए गए हैं।
राज्य सरकार द्वारा इस चरण में प्रदेश के 84 शहरों को शामिल करते हुए उन्हें स्मार्ट एवं सस्टेनेबल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत पेयजल प्रबंधन, अपशिष्ट जल प्रबंधन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCC) एवं आवश्यकतानुसार कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
नसीराबाद शहर में लगभग 40.34 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं उसके पुनः उपयोग पर करीब 35.37 करोड़ रुपये, बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्यों पर 2.07 करोड़ रुपये तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन से जुड़े कार्यों पर लगभग 2.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह परियोजना एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य शहरों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। संवाद कार्यक्रम में आमजन की भागीदारी से विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।