पीसांगन विकास अधिकारी ने कहा पीएम आवास की, जियोटैगिंग के बाद समय पर जारी होगी अगली किस्त, लापरवाही पर होगी कार्यवाही
पीसांगन विकास अधिकारी ने कहा पीएम आवास की, जियोटैगिंग के बाद समय पर जारी होगी अगली किस्त, लापरवाही पर होगी कार्यवाही
पीसांगन। पीसांगन की नवनियुक्त ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) साजिया तबस्सुम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना की प्रगति धीमी मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिले और आवास निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूरा कराया जाए।
बीडीओ ने विकास अधिकारी शंकर लाल गुर्जर एवं कनिष्ठ सहायक सरिता कुमावत को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्य अधूरे हैं अथवा लंबे समय से बंद पड़े हैं, उनसे तत्काल संपर्क कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाया जाए। साथ ही निर्धारित समय में आवास पूर्ण करवाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने संबंधित तकनीकी टीम को निर्देशित किया कि जिन आवासों में आवास निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जियोटैगिंग हो गई है, उनकी अगली वित्तीय किस्त बिना अनावश्यक विलंब के जारी की जाए, ताकि राशि के अभाव में निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
बीडीओ साजिया तबस्सुम ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ पहुंचाने अथवा पात्र लाभार्थियों की अनदेखी की शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वास्तविक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ समय पर दिलाने तथा उनके आवास निर्माण को शीघ्र पूरा करवाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।