सथाना के विकास की आवाज पहुंची मुख्यमंत्री तकराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय और खेल स्टेडियम की मांग, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सथाना के विकास की आवाज पहुंची मुख्यमंत्री तक
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय और खेल स्टेडियम की मांग, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
अजमेर। सथाना क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। जिला अभाव-अभियोग समिति की बैठक में समिति सदस्य मुकेश कंवर सथाना ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष प्रमुखता से रखा।
8 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जिला अभाव-अभियोग समिति की बैठक में श्रीमती मुकेश कंवर सथाना ने सथाना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय खोलने तथा क्षेत्र में खेल स्टेडियम का निर्माण करवाने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र में विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
इसी प्रकार क्षेत्र में खेल स्टेडियम की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सथाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा खेलों के प्रति रुचि रखते हैं। यदि क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त स्टेडियम का निर्माण होता है तो युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगी।
दोनों मांगों पर मुख्यमंत्री का सकारात्मक रुख
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द करवाने की बात कही। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं युवाओं में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में सथाना को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में नई सुविधाएं मिल सकेंगी।
विद्यार्थियों और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल
श्रीमती मुकेश कंवर सथाना ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा, खेल और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सथाना के विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विकास से जुड़ी मांगों को सरकार के समक्ष लगातार रखा जाएगा।
उन्होंने सथाना क्षेत्र की दोनों महत्वपूर्ण मांगों को गंभीरता से सुनने तथा सकारात्मक आश्वासन देने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने भी उम्मीद जताई कि विज्ञान संकाय एवं खेल स्टेडियम की मांग पर शीघ्र कार्रवाई होने से सथाना के विकास को नई दिशा मिलेगी।