पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद में शान से लहराया तिरंगामार्च पास्ट, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद में शान से लहराया तिरंगा
मार्च पास्ट, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
नसीराबाद (अनिल लोहरे) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि संतोष कुमार यादव, कर्नल, 111 रॉकेट रेजिमेंट एवं नामित अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति तथा विशिष्ट अतिथि गणेश सिंह सामंत, लेफ्टिनेंट कर्नल रहे। प्राचार्य आर.सी. मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद कक्षा 10 ‘ए’ की छात्रा समीक्षा सिंह के नेतृत्व में एनसीसी टुकड़ी ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। स्काउट-गाइड दल एवं विद्यालय बैंड ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व एवं स्काउट-गाइड कार्यक्रमों में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, समूहगान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना व्यक्त की। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
मुख्य अतिथि संतोष कुमार यादव ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। प्राचार्य आर.सी. मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी भी देती है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों एवं पीजीटी हिंदी नीरज दईया ने किया। प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भरे समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।