अजमेर डेयरी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस: किसानों को ₹100 प्रति लीटर भाव देने का लक्ष्य, 23 अगस्त को होगा विशाल ‘सरस सहकार महाकुंभ’ और ठेका श्रमिकों को मिली महंगाई भत्ते की सौगात
अजमेर डेयरी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस: किसानों को ₹100 प्रति लीटर भाव देने का लक्ष्य, 23 अगस्त को होगा विशाल ‘सरस सहकार महाकुंभ’ और ठेका श्रमिकों को मिली महंगाई भत्ते की सौगात
अजमेर, 15 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अजमेर डेयरी प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचंद्र चौधरी ने जिले के सभी दुग्ध उत्पादकों, उपभोक्ताओं और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अध्यक्ष महोदय ने डेयरी के 50 वर्षों से अधिक के शानदार सफर, भविष्य के लक्ष्यों और वर्तमान चुनौतियों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
‘कोटड़ी दुग्ध समिति’ से 8 लाख लीटर तक का सफर:
अध्यक्ष श्री रामचंद्र चौधरी ने डेयरी के इतिहास को याद करते हुए बताया कि 17 अगस्त 1972 को एक छोटी सी कोठरी में ‘कोटड़ी दुग्ध समिति’ के रूप में मात्र 34 लीटर दूध के साथ अजमेर डेयरी की ऐतिहासिक शुरुआत हुई थी। आज यह संस्था एक विशाल वटवृक्ष बन चुकी है। श्री चौधरी ने बताया कि अजमेर डेयरी ने गत वर्ष सर्दियों में ही 6 लाख लीटर दूध संकलन का ऐतिहासिक लक्ष्य प्राप्त कर लिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहकारी वर्ष में डेयरी का दुग्ध संकलन 7 से 8 लाख लीटर तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही, मार्केटिंग के क्षेत्र में इस वर्ष के अंत तक 3 लाख लीटर लिक्विड दूध उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की योजना है।
किसानों को ₹100 प्रति लीटर देने का लक्ष्य:
किसानों की आर्थिक उन्नति को अजमेर डेयरी की प्राथमिकता बताते हुए श्री चौधरी ने कहा कि एक समय था जब दूध का भाव मात्र 50 पैसे हुआ करता था। लेकिन आज अजमेर डेयरी का लक्ष्य किसानों को देश में सबसे अधिक ₹100 प्रति लीटर तक का भुगतान सुनिश्चित करना है। वर्तमान में भी दुग्ध उत्पादकों को औसतन ₹62 से ₹63 प्रति लीटर का बेहतरीन मूल्य मिल रहा है। इसके साथ ही समय-समय पर उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए भी उचित कदम उठाए गए हैं।
अमूल की चुनौती और को-ऑपरेटिव एक्ट:
समारोह में अध्यक्ष श्री चौधरी ने अमूल की बढ़ती चुनौती पर भी खुलकर विचार रखे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के गुजरात से होने के कारण उनकी मंशा अमूल को पूरे देश में छा जाने की है। उन्होंने याद दिलाया कि 50 साल पहले जो ‘अमूल पैटर्न’ देश को दिया गया था, उसमें गांव, जिला और राज्य स्तर पर त्रिस्तरीय सहकारी समितियों का ढांचा था। लेकिन हाल ही में मल्टी-स्टेट को-ऑपरेटिव एक्ट के तहत नए रजिस्ट्रेशन कर जो ढांचा तैयार किया गया है, उससे स्थानीय संघों के सामने नई चुनौतियां सामने आई हैं।
23 अगस्त को तबीजी में होगा ‘सरस सहकार महाकुंभ’:
इन बाहरी चुनौतियों का डटकर सामना करने और अपने स्थानीय ब्रांड के संरक्षण के लिए डेयरी अध्यक्ष ने एक बड़े जन-आंदोलन का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 23 अगस्त को अजमेर के तबीजी स्थित कच्छावा गार्डन में एक विशाल ‘सरस सहकार महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा। इस महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य अजमेर के किसानों और उपभोक्ताओं को अपने हकों के प्रति एकजुट करना है। इस जन-आंदोलन में “अमूल भगाओ – सरस बचाओ” और “सरस है हमारी शान, यही है अजमेर के किसानों की जान” जैसे नारों के साथ बिगुल फूंका जाएगा। डेयरी प्रबंधन का स्पष्ट संदेश है कि “स्थानीय डेयरी, अपना अधिकार – सरस से ही है सच्चा सहकार” और अब हमें एकजुट होकर “बाहरी अमूल को दूर भगाना है, अपने सरस को घर-घर पहुँचाना है।”
प्रबंध संचालक रामलाल चौधरी ने बढ़ाया कर्मचारियों का हौसला:
समारोह में अजमेर डेयरी के प्रबंध संचालक श्री रामलाल चौधरी ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। प्रबंध संचालक ने डेयरी की निरंतर सफलता का श्रेय कर्मचारियों की अथक मेहनत को दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा, लगन और एकजुटता के साथ काम करते रहें।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति:
इस भव्य समारोह में डेयरी प्रबंधन के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रबंध संचालक रामलाल चौधरी, प्लांट प्रभारी नगेन्द्र जोशी, प्रोसेस प्रभारी निलेश शर्मा, पी एंड ए (P&A) प्रभारी ओम प्रकाश गुर्जर, मार्केटिंग प्रभारी मुकेश परोदा, लेखा शाखा प्रभारी रोशन कुमार जैन और दिग्विजय सिंह जी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में ठेका श्रमिकों को दी ऐतिहासिक सौगात:
स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व पर समारोह के अंत में अध्यक्ष श्री रामचंद्र चौधरी ने कर्मचारी हित में एक बहुत बड़ी घोषणा की। उन्होंने ऐलान किया कि अजमेर डेयरी में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों की तरह ही अब ठेका श्रमिकों को भी साल में दो बार महंगाई भत्ते (DA) का लाभ दिया जाएगा। डेयरी के प्रबंध संचालक श्री रामलाल चौधरी ने भी अध्यक्ष महोदय की इस श्रमिक हितैषी घोषणा का पुरजोर समर्थन करते हुए अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की।