त्योहारी सीजन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए मिठाई और तेल के नमूने,बडलिया चौराहा स्थित देवनारायण स्वीट्स एंड नमकीन का सघन निरीक्षण किया गया।
त्योहारी सीजन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए मिठाई और तेल के नमूने,बडलिया चौराहा स्थित देवनारायण स्वीट्स एंड नमकीन का सघन निरीक्षण किया गया।
अजमेर। रक्षाबंधन के त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार, 22 अगस्त को अजमेर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर तथा अभिहित अधिकारी अजमेर डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशों की पालना में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, बडलिया की कैंटीन एवं मैस का निरीक्षण किया। इस दौरान कैंटीन से गुलाब जामुन एवं समोसे तथा मैस से सोयाबीन तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया।
इसके बाद बडलिया चौराहा स्थित देवनारायण स्वीट्स एंड नमकीन का सघन निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां से कलाकंद, घेवर एवं खोया के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद चौधरी, अजय मोयल, राजेंद्र शर्मा तथा सहायक राजकुमार इंदौरिया शामिल रहे। विभाग का यह विशेष अभियान रक्षाबंधन के त्योहार तक लगातार जारी रहेगा।