सीबीएसई में शानदार परिणाम पर शिक्षकों का सम्मान, ब्रिगेडियर के. रविचंद्रन ने कैश प्राइज देकर बढ़ाया उत्साह
सीबीएसई में शानदार परिणाम पर शिक्षकों का सम्मान, ब्रिगेडियर के. रविचंद्रन ने कैश प्राइज देकर बढ़ाया उत्साह
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) सैन्य क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, नसीराबाद में वर्ष 2026 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के शानदार परीक्षा परिणाम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दलीप कंवर ने बताया कि कक्षा 12वीं कला संकाय में श्रेष्ठ परिणाम के लिए रेनू शर्मा, वाणिज्य संकाय में उत्कृष्ट परिणाम के लिए खुशबू जिंदल, अंग्रेजी विषय में उत्कृष्ट परिणाम के लिए चार्वी माथुर तथा कक्षा 10वीं में हिंदी विषय में बेहतर परिणाम देने के लिए प्रियंका गुर्जर को सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर के. रविचंद्रन ने सम्मानित शिक्षकों को कैश प्राइज प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने सभी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी। कार्यक्रम ने शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। आर्मी पब्लिक स्कूल, नसीराबाद का शानदार बोर्ड परिणाम विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और समर्पित शिक्षण व्यवस्था का परिचायक बना।