सीईओ राम प्रकाश ने किया भिनाय पंचायत समिति का औचक निरीक्षण
सीईओ राम प्रकाश ने किया भिनाय पंचायत समिति का औचक निरीक्षण
विकास कार्यों का लिया जायजा, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
———====
आवाज राजस्थान की —–
अजमेर। जिला परिषद अजमेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राम प्रकाश ने गुरुवार को पंचायत समिति भिनाय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ राम प्रकाश ने भिनाय उपखंड स्तर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीईओ ने भिनाय में वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित नमो नर्सरी का भी अवलोकन किया। नर्सरी में विभिन्न प्रजातियों के करीब एक लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने पौधों की स्थिति, नर्सरी में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा आगामी पौधारोपण अभियान के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के पश्चात सीईओ राम प्रकाश ने पंचायत समिति कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों को गति देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भिनाय विकास अधिकारी सुनील वर्मा सहित पंचायत समिति के संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।