धनोपमाता मंदिर का रास्ता बदहाल, गड्ढों में गुम हुई राह फूलियाकलां से मंदिर तक करीब 8 किलोमीटर सड़क जर्जर, नवरात्रि में श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को परेशानी
फूलियाकलां। शक्ति पीठ धनोप माता मंदिर में 10 अक्टूबर से नवरात्रि स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने वाली है, लेकिन मंदिर तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल है। फूलियाकलां से धनोप माता मंदिर तक करीब 8 किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फूलियाकलां, हुकमपुरा, राजपुरा, रलायता, मालियाखेड़ा, धनोप सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण इस मार्ग से जुड़े हुए हैं। वहीं ककेड़ी-विजयनगर और शाहपुरा क्षेत्र से भी श्रद्धालु धनोप माता मंदिर पहुंचते हैं। नवरात्रि के दौरान इस मार्ग पर वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
बारिश के बाद बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का पता नहीं चलता। ऐसे में वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। सड़क पर लगातार आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सों का दायरा भी बढ़ रहा है।
श्रद्धालुओं को भी उठानी पड़ रही परेशानी
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए मंदिर तक पहुंचते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण पैदल यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समय पर मरम्मत नहीं हुई तो नवरात्रि के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थिति और कठिन हो सकती है।
ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नवरात्रि मेले से पहले सड़क का निरीक्षण करवाकर गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही सड़क के अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों का आवश्यकतानुसार नवीनीकरण करवाने की मांग उठाई है, ताकि श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।