उवर्शी जैन बनीं सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

केकड़ी ( प्रतीक पाराशर ) राज्य के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा भाजपा पार्षद उवर्शी जैन को सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने के बाद शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जैन की नियुक्ति पर भाजपा समर्थकों ने क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार प्रकट करते हुए जोरदार नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस बोर्ड की चेयरमैन छगन कंवर राठौड़ को निलंबित किए जाने के बाद राज्य सरकार ने वार्ड नंबर 18 से निर्वाचित भाजपा पार्षद उवर्शी जैन को अध्यक्ष पद सौंपा है। गुरुवार को नगर पालिका पहुंचने पर उवर्शी जैन का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया और “शत्रुघ्न गौतम जिंदाबाद” के नारे लगाए। पदभार ग्रहण समारोह में अधिशासी अधिकारी भागचंद खिंची, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल खटीक, महामंत्री कुशलकिशोर सोनी, पूर्व अध्यक्ष दुर्गालाल माली, शैलेन्द्र जैन और नवीन सोनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उवर्शी जैन ने अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद कहा, “मैं क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करूंगी और सरवाड़ के नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास रहेगा।” भाजपा समर्थकों का मानना है कि यह नियुक्ति पार्टी के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत करेगी।