शाहपुरा व ग्रामीण क्षेत्र में भारी बारिश का कहर।

शाहपुरा व ग्रामीण क्षेत्र में भारी बारिश का कहर।
Spread the love


बांध-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा।
जन जीवन अस्तव्यस्त।
देवरी में 8कच्चे मकान ढहे।
शाहपुरा 1 सितंबर2025।
शाहपुरा व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार रात 4 बजे से लगातार हुई तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। दो बांध ओवरफ्लो होने तथा नाले उफान पर होने से कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बिलिया ग्राम पंचायत के देवरी गांव में बालूलाल, प्रह्लाद, चंदू, छोटी, रतनलाल, अमरचंद, प्रेमी और घिसी भील के 8 कच्चे मकान ढह गए। अरनिया घोड़ा, रासेड सहित कई गांवों में भी कच्चे मकान धराशायी हुए। शाहपुरा पुलिस चौकी जलमग्न हो गई, जहां प्रभारी कक्ष, मालखाना और बैरक में 2.5 फीट पानी भर गया। रावलाघाट, लालघाट, नूरघाट और पिवनिया घाट की चादर चलने से बाहरी बस्तियों में जलभराव हो गया, कई घरों और निचली दुकानों में पानी घुस गया। भीमसागर बांध में 2 फीट चादर चलने से ढिकोला, करमडास और रासेड की पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने से शाहपुरा-कोटडी मार्ग सहित कई गांवों का संपर्क टूट गया। ईटमारिया से भीलवाड़ा और शाहपुरा-आसींद मार्ग पर समेलिया के आसपास के गांवों में आवागमन ठप हो गया। उम्मेदसागर बांध भी छलकने की कगार पर है। सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता शमीम खान ने बताया कि रात 3 से 9 बजे तक 56 मिमी बारिश दर्ज की गई। नाहर सागर और भीमसागर बांध ओवरफ्लो हो गए, जबकि अरवड बांध में 15 फीट और उम्मेदसागर में 11.9 इंच पानी की आवक हुई। उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पंचायत समिति विकास अधिकारी को प्रभावितों को सरकारी स्कूलों में आश्रय और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन प्रभारी तहसीलदार भीमराव सिंह परिहार ने सभी गिरदावरों और पटवारियों को अलर्ट मोड पर रखा है।

Dev Krishna Raj Parashar - Shahpura

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com