शाहपुरा राज परिवार में छाई शोक की लहर, शत्रुजीत सिंह का निधन।

रविवार प्रातः 11 बजे रेतिया बाग से निकलेगी अंतिम यात्रा।
रामद्वारा श्मशानघाट में होगा अंतिम संस्कार।
शाहपुरा, 13 सितंबर 2025। शाहपुरा के राज परिवार के वरिष्ठ सदस्य शत्रुजीत सिंह (सत बना) का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। इसे लेकर राज परिवार, क्षेत्र के राजपूत समाज और शाहपुरावासियों के बीच गहरा शोक छा गया। 62 वर्षीय दिवंगत सिंह हंसमुख, कुशाग्र बुद्धि ,मिलनसार, विनम्र, मृदुभाषी, सादगी पसंद व्यक्तित्व के धनी थे।
वे राष्ट्रीय स्तर के राइफल शूटर थे। फैशन फोटोग्राफी का कोर्स मुंबई से किया। वन्यजीव और पक्षियों के बारे में गहन अध्ययन करते हुए जीवों व पक्षी संरक्षण के ऊपर भी काम किया। वन्यजीव फोटोग्राफी में उन्होंने कई राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। वे आर्य समाज संस्थान सहित अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़े थे और शाहपुरा हेरिटेज होटल के संचालन करते थे।
उनका अंतिम संस्कार रविवार को रामद्वारा श्मशान घाट पर होगा। प्रातः 11 बजे रेतिया बाग पैलेस से उनकी शव यात्रा शुरू होगी। जोधपुर, डूंगरपुर, मेवाड़ के कई राजघरानों से उनका पारिवारिक संबंध होने से उनके अंतिम संस्कार में कई लोग भाग लेने की संभावना है।