पंचायत समिति पीसांगन में एक अनूठी पहल कल से जन सहयोग से लेंगे शक्कर
एक किलो प्लास्टिक थैली लाओ एक किलो शक्कर ले जाओ
अजमेर | भारत स्वच्छ मिशन को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से पंचायत समिति पीसांगन में एक अनूठी पहल की तैयारी की जा रही है। इस अभियान के तहत लोग प्लास्टिक थैलियां लेकर आएंगे और बदले में उन्हें शक्कर दी जाएगी। विकास अधिकारी सोहनलाल डारा ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस नवाचार में प्रथम चरण के अंतर्गत जनसहयोग से ग्यारह – ग्यारह किलो शक्कर एकत्रित की जाएगी। योजना के अनुसार, एक किलो प्लास्टिक थैली के बदले एक किलो शक्कर दी जाएगी और संपूर्ण विवरण का रजिस्टर में हिसाब रखा जाएगा। उन्होंने समस्त सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि चार-पांच पंचायतों का समूह बनाकर अभियान की शुरुआत करें और इस प्रयास को सफल बनाने में सहयोग दें। साथ ही प्लास्टिक थैलियों के निस्तारण हेतु मशीन लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।