अब राजस्थान में बनेंगी इलेक्ट्रिक बसें
जयपुर | राजस्थान के लिए एक अच्छी खबर है। प्रदेश में भी अब इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बस एवं चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए एक बड़ी इकाई स्थापित की जा रही है। यह इकाई अलवर जिले के घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में लगाई जाएगी। प्रस्तावित परियोजना में 1200 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। जिससे 500 से अधिक व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। राज्य सरकार के अनुसार रीको ने घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी
सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को इलेक्ट्रिक बस निर्माण इकाई की स्थापना के लिए 65.56 एकड़ भूमि आवंटित करने के लिए ऑफर लेटर जारी किया है। इसकी कीमत 208 करोड़ रुपए है। राज्य सरकार का कहना है कि यह निवेश प्रदेश को ई-मोबिलिटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इस परियोजना के क्रियान्वयन से न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।