केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं अपने आपको खुशनशीब मानता हूं कि यहां अजमेर शरीफ दूसरी बार आया हूं. चादरपोशी के बाद उन्होंने दुआ मांगी.
अजमेर: अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में चल रहे 814वें सालाना उर्स के मौके पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजी गई चादर चढ़ाई। चादरपोशी के बाद उन्होंने दरगाह में धार्मिक रस्में अदा कीं और देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ख्वाजा साहब की दरगाह देश की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का जीवंत प्रतीक है, जहां हर धर्म और वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ आते हैं। पत्रकारों से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि मान्यता है कि यहां 800 वर्षों से अधिक समय से मांगी गई हर मन्नत पूरी होती रही है, और वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि लगातार दूसरी बार दरगाह में हाजिरी देने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि चादर चढ़ाते समय देश की तरक्की, तेजी से विकसित राष्ट्र बनने और दुनिया में हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की दुआ मांगी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि ख्वाजा साहब की दरगाह पूरी दुनिया को अमन, शांति, सेवा और प्रेम का संदेश देती है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक मंत्रालय दरगाह के विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि यहां आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो, हालांकि इस बार उर्स का प्रबंधन काफी बेहतर रहा है।