राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी बुधवार को अजमेर के दौरे पर रहेंगे
अजमेर। राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी बुधवार को अजमेर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान अजमेर शरीफ दरगाह में उर्स के अवसर पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भेजी गई चादर चढ़ाई जाएगी। चादर पेश करने के बाद देश में अमन और भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी, साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भेजा गया संदेश भी पढ़कर सुनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से भेजी गई चादर दोपहर लगभग 3 बजे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी द्वारा पेश की जाएगी। चादर चढ़ाने के पश्चात दरगाह के बुलंद दरवाजे पर उर्स के अवसर पर भेजा गया संदेश जायरीनों को सुनाया जाएगा।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चौपदार ने बताया कि यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और हर वर्ष उर्स के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर चादर पेश की जाती है।
जयपुर से अजमेर की यात्रा के दौरान सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के साथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान, आमीन कागजी, विकास चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान दूदू किशनगढ़ टोल, गेगल टोल, अशोक उद्यान, पटेल मैदान और अम्बेडकर सर्किल के पास कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किए जाने की जानकारी दी गई है।
चादर पेश करने के बाद बुधवार शाम करीब 4 बजे सर्किट हाउस, अजमेर में मीडिया प्रतिनिधियों से प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित है। सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सक्रियता देखी जा रही है।